पुरानी रंजिश के चलते भतीजे ने चाची को मारी गोली, खुद भी कर ली आत्महत्या

punjabkesari.in Sunday, Feb 11, 2018 - 02:57 PM (IST)

जालौनः उत्तर प्रदेश के जालौन में एक दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक भतीजे ने पुरानी रंजिश के चलते चाची को गोली मार दी। इसके बाद भतीजे ने खुद को भी गोली मार ली। इस दौरान भतीजे ने तो मौके पर ही दम तोड़ दिया, लेकिन चाची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।

जानकारी के मुताबिक मामला आटा थाना क्षेत्र के भभुआ गांव का है। यहां रविवार की सुबह फूलसिंह कुशवाहा ने अपने ही परिवार की चाची जयदेवी को अवैध तमंचे से गोली मार दी। गोली की आवाज सुन परिवार के लोग घटनास्थल की तरफ भागे इससे पहले कोई मामला समझ पाता फूलसिंह ने खुद को भी तमंचे से गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने  घायल जयदेवी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। यहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों उसे झांसी रेफर कर दिया।

वहीं घटना की जानकारी मिलने पर जालौन एएसपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने घटना स्थल का जायजा लिया। इस मामले में उन्होंने बताया कि मामला पुरानी रंजिश का है 8 वर्ष पूर्व जयदेवी के पति की हत्या हुई थी। जिसमें जयदेवी और फूलसिंह जेल भी गए थे।  रविवार सुबह जयदेवी पानी भर रही थी। तभी मृतक फूलसिंह वहा आया और तमंचे से उसपर फायर कर दिया। फिलहाल पुलिस फूलसिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।