कुत्तों को मारने वाला 1 लाख का इनामी गिरफ्तार... NIT से पासआउट है आरोपी

punjabkesari.in Sunday, Apr 17, 2016 - 03:29 PM (IST)

नई दिल्ली: पुलिस ने कुत्तों को मारने वाले आरोपी नकुल मिश्रा को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि नकुल पर दिल्ली के मेट्रो स्टेशन और अन्य 3 जगहों पर कुत्तों को मारने का आरोप है। नकुल एक इंजीनियर है। नौकरी से हटा देने के बाद वह काफी समय से परेशान रहता था। 

जानकारी के अनुसार नकुल की उम्र 28 साल है। वह नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टैक्नोलॉजी दिल्ली से ग्रेजुएट है। नकुल काफी समय से परेशान रहता है और उसका इलाज चल रहा है। नकुल को नौकरी से हटा दिया गया था। कुछ समय पहले ही उसके कुत्ते की मौत भी हो गई। 

पुलिस का कहना है कि नकुल का मामला अब मेडिकल बोर्ड को दे दिया गया है। नकुल को लखनऊ से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया है। बताया जा रहा है कि 15 मार्च को ग्रीन पार्क इलाके में 3 आवारा कुत्तों को घायल स्थिति में और एक को मृत अवस्था में पाया गया। जब मामले की छानबीन की गई तो उन्हें वीडियो में जैकेट और शार्ट्स पहने हुए एक व्यक्ति कुत्तों पर हमला करता नजर आया। 

वहीं दूसरी तरफ जब इस मामले में व्यक्ति के घर की तलाशी ली गई तो आरोपी की पहचान हो गई। घटना को अंजाम देने का बाद आरोपी अपने किराए के मकान को छोड़कर मयूर विहार में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहा था। आरोपी अपने घर जाने से पहले अपने रिश्तेदार के घर पर ही रुका था।