यूपी की जनता के लिए नववर्ष तभी आएगा जब बदलेगी भाजपा सरकार: अखिलेश

punjabkesari.in Thursday, Jan 02, 2020 - 12:47 PM (IST)

लखनऊः समाजवादी पार्टी(सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नववर्ष पर सभी के सुख समृृद्धि की कामना करते हुए कहा कि नया सवेरा और नववर्ष राज्य की जनता के लिये तभी आएगा जब भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की सरकार बदल जाएगी। यादव ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं तथा कई नेताओं को नववर्ष पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नया सवेरा और नववर्ष राज्य की जनता का तभी आएगा जब भाजपा की सरकार बदल जाएगी। अभी तीन वर्ष भी नहीं हुए जबकि भाजपा के प्रति जनता का भरोसा उठ गया है।

उन्होने कहा कि वर्ष 2022 में जन विश्वास तोड़ने के कारण सत्ता से भाजपा का हटना अवश्यभावी है। सपा अध्यक्षा ने कहा कि भाजपा संविधान का भी सम्मान नहीं करती है। संविधान में किसी के प्रति भेदभाव जैसी भी नही है जबकि भाजपा भेदभाव कर रही है। भाजपा न हिंदू धर्म को जानती है और न उसे मानती है। भाजपा की सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में समाज को बांटने और लोगों को परेशान करने का ही काम किया है।

भाजपा ने देश में आर्थिक संकट पैदाकर दिया है। रोजगार कहां है। किसानों का भविष्य अधर में है। भाजपा का शौचालय धोखा है। नौजवान समाजवादी पार्टी का दिया लैपटाप आज भी चला रहें है। उन्होंने कहा कि सीएए, एनआरसी और एनपीआर तीनों व्यवस्थाएं साजिश हैं और भारतीयों के विरूद्ध है। भाजपा की राज्य की जनता के प्रति कोई संवेदना नही है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की व्यवस्था संविधान में है। इसको कोई छीन नहीं सकता है। नोटबंदी-जीएसटी ने जनता की मुसीबतें बढ़ाई हैं।

यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नव वर्ष में जनता की खुशियों पर आाघात करते हुए रेल किराया, बस किराया बढ़ाने के साथ घरेलू गैस के दाम 19 रूपए तक बढ़ा दिए है। उन्होंने कहा अब एनपीआर की मुसीबत आ गई है। जब आधार काडर् में पूरा विवरण है तो एनपीआर की कवायद क्यों की जा रही है। उन्होंने जनता का आव्हान किया कि वह सत्याग्रह आंदोलन के ढंग से एनपीआर फार्म नहीं भरे। भाजपा ने दुनिया में भारत की बदनामी कराई है।
 

Ajay kumar