जेल मे बंद नाइजीरियाई कैदी की मौत, मादक पदार्थ मामले में हुआ था गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 08:18 PM (IST)
नोएडा: गौतमबुद्ध नगर की लुक्सर जेल में बंद नाइजीरियाई कैदी की अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। वह किडनी की बीमारी से पीड़ित था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जेल अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक सोलोमन (66) और उसके कई साथियों को 2023 के मई में गौतमबुद्ध नगर के थाना बीटा-2 पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि इनके पास से करीब 300 करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद हुआ था।
सिंह ने बताया कि कैदी लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से ग्रसित था और उसे कई बार अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। उन्होंने बताया कि सोलोमन दो दिन पूर्व ही एम्स, दिल्ली से डायलिसिस करवा कर लौटा था। सिंह ने बताया कि रविवार को सोलोमन की अचानक तबीयत खराब हुई और उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि नाइजीरिया के दूतावास को घटना की सूचना दी गई है।

