निकाय चुनावः शादी के जोड़े में ड्यूटी पर पहुंची दुल्हन, अफसरों ने बताया सराहनीय कदम

punjabkesari.in Sunday, Nov 26, 2017 - 09:58 AM (IST)

सुल्तानपुर: यूपी निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान रविवार को शुरू हो चुका है। मतदान केंद्रों पर वोटरों की भीड़ सुबह से लगनी शुरू हो चुकी है। दूसरे चरण के निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। वहीं सुल्तानपुर में शादी के जोड़े में एक महिला मतदान केंद्र पर ड्यूटी करने के लिए पहुंची।

जानकारी के मुताबिक जिले के बल्दीराय तहसील के देहरियावां गांव निवासी रुकमणि ब्लॉक लम्भुआ के बेदूपारा स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत है। रुकमणि की शादी कोतवाली के बेनीपुर गांव निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ 24 नवंबर को हुई। शादी के बाद 25 नवंबर की सुबह उसकी विदाई हुई।

निकाय चुनाव में 104 पोलिंग पार्टियों में रुकमणि की बतौर मतदानकर्मिका शहर के एक पोलिंग बूथ पर ड्यूटी लगी थी। रुकमणि ने ड्यूटी को प्राथमिकता दी और पति के साथ सीधे ससुराल से पोलिंग पार्टी स्थल पर पहुंची। जहां उसने अधिकारियों से ड्यूटी से मुक्त करने की फरियाद की।

जिसके बाद नगरपालिका के रिटर्निंग एसडीएम सदर प्रमोद पाण्डेय ने रुकमणि की प्रार्थना पत्र पर विचार कर उसे ड्यूटी से मुक्त किया। उसकी जगह पर रिजर्व में नियुक्त एक अन्य महिला टीचर को नियुक्त कर दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि यह एक सराहनीय कदम है। महिलाकर्मचारी ने अपनी ड्यूटी निभाई और उसे नैतिकता के आधार पर उसे छुट्टी दे दी गई है।