विकास का कोई विकल्प नहीं होता: योगी आदित्यनाथ

punjabkesari.in Saturday, Jan 05, 2019 - 10:13 AM (IST)

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कहा है कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता। प्रदेश सरकार समभाव से विकास योजनाओं का लाभ सभी को उपलब्ध करा रही है। जब शासकीय योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा, तभी समाज सुखी और समृद्ध होगा।

उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 31 जनवरी, 2019 और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 फरवरी, 2019 तक धान की खरीद होगी। अब तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10.90 एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13.27 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद के साथ उत्तर प्रदेश में कुल 24.17 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हो चुकी है। जिससे अब तक 347249 किसान लाभान्वित हुए हैं तथा कुल धनराशि 4232.779 करोड़ रुपये का भुगतान 72 घंटे के अंदर आरटीजीएस के माध्यम से किसानों को किया जा चुका है।

बता दें कि, मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को गोरखपुर के नुमाइश ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंगों/सहायक उपकरणों का वितरण तथा वृद्धजनों, निराश्रित महिलाओं एवं दिव्यांगजनों को पेंशन स्वीकृति-पत्र वितरण व विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास/लोकार्पण किया।

Deepika Rajput