चुनाव बाद बसपा के साथ मिलने की कोई संभावना नहीं : साध्वी निरंजन ज्योति

punjabkesari.in Tuesday, Feb 14, 2017 - 02:52 PM (IST)

कानपुरः उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद जरूरत पडऩे पर बहुजन समाज पार्टी के साथ सरकार बनाने की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए केन्द्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि सपा और बसपा दोनों असामाजिक तत्वों और भ्रष्टाचारियों की पार्टियां हैं और उनसे हाथ मिलाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। साध्वी ने कहा कि कांग्रेस ने इन दोनों दलों से हाथ मिलाया हुआ है, तभी तो इन्होंने केन्द्र की पूर्ववर्ती संप्रग सरकार को समर्थन दिया था।

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बेकाबू
साध्वी निरंजन ज्योति  भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए कानपुर में थीं। जहां उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में 4 महीने तक चला पारिवारिक ड्रामा एक पूर्व नियोजित कार्यक्रम था। यह केवल अखिलेश यादव की प्रदेश में खराब हो गई छवि को सुधारने की कवायद थी। यह जरूरी था क्योंकि पिछले 4 वर्ष में गुंडागर्दी के कारण सपा की छवि बहुत खराब हो गई थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से काबू से बाहर है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब कल्याण सिंह की  भाजपा सरकार थी, तब असामाजिक तत्व या तो शहर छोड़कर चले गए थे या जेल में थे। लेकिन सपा, बसपा की सरकारों में ये असामाजिक तत्व सत्ता में वापस आ गए है। उन्होंने कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती कहती हैं कि सत्ता में आने पर वह सपा के असामाजिक तत्वों को जेल भेजेंगी, लेकिन इतनी बार सत्ता में आने के बावजूद कोई असामाजिक तत्व जेल नहीं गया। बल्कि इस बार चुनाव आते ही उन्होंने कई असामाजिक तत्वों-माफिया को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया है।