ऑक्सीजन की कमी से यूपी में नहीं कोई मौत, फिर सिलेंडर की मारामारी क्यों मची थी बताए सरकार: दीपक सिंह

punjabkesari.in Friday, Dec 17, 2021 - 11:55 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में  विधानसभा सत्र के दौरान सरकार के मंत्री बताया कि कोरोना के दौरान ऑक्सीजन की कमी से प्रदेश में कोई भी मौत नहीं  हुई है। इसे लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस एमएलसी दीपक सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए ट्वीट कर कई सवाल उठाए हैं। 

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी नहीं थी तो फिर सिलेंडर की मारा मारी क्यों मची हुई थी। भाजपा नेता मदद के लिए ट्वीट क्यों कर रहे थे। उत्तर प्रदेश के मंत्री ऑक्सीजन के  लिए पत्र क्यों लिख रहे थे। उन्होंने इस दौरान कई तस्बीरे भी दिखाते हुए कहा कि क्या लोग खुद ही मौत को गले लगा रहे थे क्या। उन्होंने कहा कि सरकार फिर हर जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट क्यों लगा रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पापी और झूठी सरकार जनता को गुमराह कर रही है। 


प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सदस्य दीपक सिंह द्वारा पूछे गए एक सवाल पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह ने कहा, ‘‘प्रदेश में कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर के दौरान ऑक्सीजन की कमी से किसी भी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है।'' दीपक सिंह ने इस पर अपना पक्ष रखते हुए कहा, ‘‘सरकार के ही कई मंत्रियों ने पत्र लिखकर कहा कि प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी के कारण मौतें हो रही हैं। इसके अलावा कई सांसद भी ऐसी शिकायत कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से मौत की अनेक घटनाएं सामने आई हैं। क्या पूरे प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी से जो मौतें हुई थीं उनके बारे में सरकार के पास कोई सूचना नहीं है। क्या गंगा में बहती लाशें और ऑक्सीजन की कमी से तड़पते लोगों को राज्य सरकार ने नहीं देखा था।''

Content Writer

Ramkesh