यूपी की धरती पर कोई गुंडा या माफिया पनपने नहीं दिया जाएगा: सीएम योगी
punjabkesari.in Monday, Apr 06, 2026 - 10:05 AM (IST)
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती पर कोई गुंडा या माफिया पनपने नहीं दिया जाएगा और सरकार इस प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी और हर बेटी की सुरक्षा के लिए 'गारंटर' के तौर पर खड़ी है। गोरखपुर में पांडेयहाता में एक वाणिज्यिक परिसर की आधारशिला रखे जाने के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "याद रखें कि दंगे, अशांति, कर्फ्यू और लूट के दिन बीते दिनों की बात हो गई है। हमने कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है जिसे ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ाई से लागू किया जा रहा है।''
'वे वहीं भेजे जाएं जहां उनकी जगह है...'
सीएम योगी ने कहा, "हम अब किसी गुंडे या माफिया को उत्तर प्रदेश की धरती पर पनपने नहीं देंगे और यदि वे यहां पनपने का प्रयास करते हैं तो हम यह सुनिश्चित करेंगे वे वहीं भेजे जाएं जहां उनकी जगह है.. जेल की सलाखों के पीछे।'' आदित्यनाथ ने कहा कि आज हर क्षेत्र में परिवर्तन दिखाई दे रहा है और ऐसा तब होता है जब जनता अपना समर्थन देती है और इन प्रयासों में सहयोग करती है। कानून व्यवस्था और राष्ट्रीय पहचान को लेकर योगी आदित्यनाथ ने कहा, ''यहां ऐसे लोग भी हैं जो राष्ट्रीय प्रतीकों का विरोध करते हैं। भारत का खाते हैं, लेकिन इसके लिए गीत गाने से मना करते हैं। नया भारत इसे स्वीकार नहीं करेगा।''
'सरकार की कल्याणकारी योजनाएं बिना भेदभाव के लागू की जा रही'
सीएम योगी ने कहा कि जहां सरकार की कल्याणकारी योजनाएं बिना भेदभाव के लागू की जा रही हैं, नागरिकों को राष्ट्र गीत, राष्ट्रगान, राष्ट्रीय ध्वज समेत राष्ट्रीय प्रतीकों और बाबा साहेब द्वारा रचित संविधान का सम्मान करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 'टाटा टेक्नोलॉजीज' से सहयोग के साथ गोरखपुर 15 अप्रैल को एक विशिष्ट अतिथि- टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखर का स्वागत करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में 'सेंटर ऑफ एक्सिलेंस' में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का सृजन होगा।

