'अटल बिहारी वाजपेयी जैसा नहीं पैदा हो सकता कोई दूसरा'

punjabkesari.in Friday, Aug 17, 2018 - 11:43 AM (IST)

चंदौलीः देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का गुरुवार की देर शाम देहांत हो गया। जिससे पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम 4258.07 लाख की विकास योजनाओं के शिलान्यास के तहत बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे व जिले के सांसद चंदौली पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित किया, लेकिन शिलान्यास से पहले ही अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की दुखदाई खबर आ गई। लोकार्पण शुभारंभ का कार्यक्रम श्रद्धांजलि सभा के रूप में परिवर्तित हो गया।

अटल बिहारी वाजपेई जी को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर महेंद्र नाथ पांडे ने मिडिया से बात करते हुए कहा कि अटल जी का जाना देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। अटल बिहारी वाजपेयी हमारे बीच अब नहीं रहे। भारतीय राजनीति के युगपुरुष, कवि हृदय वाले व्यक्तित्व और राजनीती के अजातशत्रु थे।

पांडे ने कहा की देश को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बना कर दुनिया में अग्रणी राष्ट्र बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। यही नहीं अटल जी देश को विकास के पथ पर ले गए। उन्होंने कहा अब इस धरती पर अटल बिहारी वाजपेयी जैसा दूसरा कोई पैदा नहीं हो सकता। भारत ने एक महान राजनीतिज्ञ, नीति-नियंता खोया है। 

Tamanna Bhardwaj