बंद कमरे से काफी देर तक नहीं आई आवाज, जब खिड़की से झांक कर देखा तो सब रह गए सन्न
punjabkesari.in Friday, Aug 03, 2018 - 12:43 PM (IST)
नोएडाः नोएडा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक पति ने विवाद के चलते अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं इसके बाद उसने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
मामला फेस-2 कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-93 में स्थित श्रम कुंज का है। यहां मृतक के जीजा उदय सिंह का घर है। दोनों दंपत्ति जीजा के घर आए हुए थे। उदय ने बताया कि मूलरूप से बांदा के रहने वाला साला बसंत अपनी पत्नी नेहा के साथ 5 दिन पहले ही दिल्ली की सैर करने के लिए नोएडा आए थे। सेक्टर-93 स्थित श्रम कुंज में दोनों उनके पास ही रह रहे थे।
जीजा ने बताया कि गुरुवार की शाम उदय और दोनों दंपत्ति साथ घर आए और उसके बाद उदय फिर से मार्किट कुछ सामान लेने चला गया और उदय की पत्नी बाहर अपने बच्चे के साथ थी। लेकिन कुछ देर बाद जब उदय की पत्नी ने देखा कि उनके भैया बसंत और भाभी की काफी देर आवाज नहीं आ रही और दरवाजा भी बंद है। तो उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उसने पति को फोन कर बुलाया। वहीं खिड़की से झांक कर देखा तो बसंत का शव पंखे से लटका था। भाभी जमीन पर पड़ी हुई थी।
दोनों की लाशें देखकर मृतक की बहन ने तुंरत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने दंपत्ति के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।