नोएडा: दादरी पुलिस ने 25000 के इनामी बदमाश को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2020 - 03:25 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस ने डकैती के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को यहां मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार रात हुई मुठभेड़ के बाद बदमाश के पास से अवैध हथियार और चोरी की मोटर साइकिल बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दादरी थाना पुलिस अंधपुर मोड़ के पास जांच कर रही थी। मोटरसाइकिल पर सवार कुछ लोगों को शक होने पर पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार के इनामी बदमाश इरशाद के पैर में गोली लगी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इरशाद को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिंह ने बताया कि यह बदमाश दादरी थाना क्षेत्र में हुई एक डकैती के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ लूटपाट, हत्या के प्रयास तथा चोरी के छह मामले दर्ज हैं।

Edited By

Umakant yadav