नोएडा: दारोगा ने एक शख्स को मारी गोली, पीड़ित परिवार ने बताया फेक एनकाउंटर

punjabkesari.in Sunday, Feb 04, 2018 - 12:07 PM (IST)

नोएडा: यूपी के गौतम बुद्ध नगर जिले में नोएडा सेक्टर 122 में शादी समारोह से घर लौट रहे जिम ट्रेनर को पुलिस के दरोगा ने गोली मार दी। घायल व्यक्ति का नाम जितेंद्र यादव है जिसे नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया है। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है क्योंकि गोली उसकी गर्दन के पास रीढ़ की हड्डी में फंसी है। अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि घायल के शरीर में गोली अभी फंसी है जो गले के पास रीढ़ की हड्डी में अटक गई है। फिलहाल आरोपी दरोगा घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरु कर दी है।

घायल के साथ मौजूद उसके साथियों ने बताया कि गोली मारने वाला व्यक्ति दारोगा विजय दर्शन है जो जितेंद्र और उसके साथियों का फर्जी एनकाउंटर करने की फिराक में था। मौके पर मौजूद सोनू और लखन यादव ने बताया कि जिम ट्रेनर के साथ शादी समारोह से लौट रहे उसके बाकी साथियों को पुलिस ने गायब कर दिया है जिससे किसी तरह मामले को दबाया जा सके। उन्होंने बताया कि जितेंद्र का कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं है वह पृथला खंजरपुर गांव में जिम चलाकर अपना गुजर बसर करता है।

देर रात घटनास्थल पर अस्पताल पहुंचे पुलिस उप महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लव कुमार मामले की निष्पक्ष जांच करने और परिवार वालों की तहरीर के आधार पर मामले की प्राथमिकी दर्ज करने की बात कर रहे हैं। उनका कहना है कि आरोपी को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। लव कुमार ने बताया कि शनिवार रात नोएडा के बहरामपुर गांव से बहन की सगाई से लौट रहे जितेंद्र कि सेक्टर 122 पर स्थित सीएनजी स्टेशन पर विजयदर्शन नामक पुलिसकर्मी से कहासुनी हो गई। इसी दौरान पुलिसकर्मी ने जितेंद्र को गोली मार दी।