Noida: संदिग्ध अवस्था में विवाहिता की मौत, पति समेत ससुराल वालों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज

punjabkesari.in Tuesday, Jun 21, 2022 - 06:07 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के ईकोटेक- 3 क्षेत्र के ग्राम सादुल्लापुर में एक विवाहिता की घर पर संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने उसके पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

ईकोटेक-3 के थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि संजना (22) की तीन वर्ष पूर्व ग्राम सादुल्लापुर के अशोक नागर से शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि 20 जून को रात्रि एक बजे करीब संजना को 70 फीसदी जली हुई अवस्था में यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतका के संजना की मामी प्रीति ने उसके पति अशोक नागर, जेठ रविंद्र नागर तथा सास के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Content Writer

Mamta Yadav