Noida News: आगामी चुनावों के मद्देनजर आज ‘तिरंगा यात्रा'' निकालेगी आम आदमी पार्टी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 01, 2021 - 10:15 AM (IST)

नोएडा: आम आदमी पार्टी (आप) अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बुधवार को नोएडा में तिरंगा यात्रा निकालेगी। पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आप इससे पहले उत्तर प्रदेश के लखनऊ और आगरा में ऐसी यात्राएं आयोजित कर चुकी है, जो भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। 

उल्लेखनीय है कि निकटवर्ती दिल्ली में ‘आप' की सरकार है। आप की जिला इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र जादौन ने कहा, ‘‘दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सभाजीत सिंह बुधवार को गौतम बौद्ध नगर के नोएडा में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।'' पार्टी की गौतम बुद्ध नगर इकाई के प्रवक्ता और महासचिव संजीव निगम ने कहा, “इस मुहिम का उद्देश्य आप द्वारा परिभाषित देशभक्ति और राष्ट्रवाद की परिभाषा को आम लोगों तक पहुंचाना है।

लखनऊ और आगरा में अभियान के दौरान पार्टी नेताओं ने उत्तर प्रदेश और केंद्र में भाजपा नीत सरकारों पर निशाना साधा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभा के दौरान कोविड​​-19 प्रोटोकॉल के कथित उल्लंघन के लिए आगरा में आप पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj