Noida में फिर दिखा थार का कहर: स्कूटी सवार दंपती को रौंदा, पति की मौ/त... पत्नी लड़ रही जिंदगी की जंग
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 08:11 AM (IST)
Noida News: दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में सोमवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अनियंत्रित और बेकाबू थार जीप के चालक ने तेजी व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए स्कूटी सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता सुबोध कुमार ने बताया कि यह हादसा थाना बिसरख क्षेत्र अंतर्गत इटैड़ा गोल चक्कर के पास सोमवार शाम को घटित हुआ। 40 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार थार जीप के चालक ने गफलत में वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दंपति उछलकर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को पास के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद नीरज (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और वे अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच जंग लड़ रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार जीप को कब्जे में ले लिया है। हालांकि, वारदात के बाद आरोपी चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

