Noida:  होली से लापता 35 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव बरामद, सिर पर गहरी चोट के निशान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 22, 2022 - 09:27 PM (IST)

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के सेक्टर 147 के पास पुलिस को घर से लापता एक 35 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिला। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मंगलवार सुबह मृतक के परिजन गाजियाबाद से नोएडा पहुंचे तथा उसकी पहचान प्रिंस के रूप में की। मृतक के परिजनों के अनुसार वह होली के दिन से घर से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस से शिकायत की है। थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को सेक्टर 147 के पास एक 35 वर्षीय अज्ञात युवक का लहूलुहान शव पुलिस को मिला था। युवक के सिर में चोट के निशान थे।

उन्होंने बताया कि शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, युवक के परिजनों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर शव को फेंका गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Content Writer

Mamta Yadav