नोएडा: नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, तीन अन्य की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2022 - 11:30 AM (IST)

नोएडा: कासना क्षेत्र के चिरसी गांव के पास एक नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में तीन और लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने यह जानकारी दी। 

कासना के थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि रविवार को चिरसी गांव के पास गंग नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि शव 8- 10 दिन पुराना प्रतीत होता है और पुलिस इस संबंध में हत्या और हादसा दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारी ने बताया कि एक अन्य मामले में बुलंदशहर निवासी जितेंद्र अपने घर पर ऊंचाई से नीचे गिर गए। अत्यंत गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि कासना क्षेत्र के ही राजा नामक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, रविवार रात को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शुक्ला ने बताया कि रविवार की रात को कासना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर 32 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है।

उन्होंने बताया कि प्रतीत होता है कि ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों तथा सोशल मीडिया की सहायता से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

Content Writer

Imran