नोएडा: यादव सिंह मामले में जुड़े एक और इंजिनियर को सीबीआई ने हिरासत में लिया

punjabkesari.in Saturday, Dec 19, 2015 - 05:48 PM (IST)

 

लखनऊ/नोएडा: उत्तर प्रदेश नोएडा के निलंबित कालेधन का चीफ इंजिनियर यादव सिंह से जुड़े घोटालों के मामले में शुक्रवार को सीबीआई ने नोएडा के इंजीनियर रामेंद्र सिंह को हिरासत में लिया है। सीबीआई के मुताबिक, रामेंद्र सिंह सीधे तौर पर यादव सिंह को रिपोर्ट करता था। उसकी डायरी में बिल्डरों और ठेकेदारों से घूस लेने की डिटेल दर्ज रहती थी। फिलहाल उसे चार दिन की हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।
 
कौन है रामचंद्र?
रामेंद्र नोएडा अथॉरिटी में इलेक्ट्रिसिटी डिपार्टमेंट में प्लानिंग इंचार्ज के तौर पर काम करता था। रामेंद्र सिंह अपनी डायरी में यह लिखता था कि नोएडा के अधिकारियों में घूस की रकम कैसे बांटी जाती थी। हालांकि बाद में यादव सिंह के साथ अथॉरिटी ने उसे भी सस्पेंड कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि उसने घूस वसूलने में शामिल अधिकारियों के नामों और विभिन्न स्तरों पर अधिकारियों के बीच इसे बांटे जाने का खुलासा भी किया है।
 
गौरतलब है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने यादव सिंह और उनकी पत्नी के परिसरों पर छापे मारे थे। छापे में उनकी गाड़ी से 10 करोड़ कैश मिला था। इसके अलावा 100 करोड़ रुपए कीमत की डायमंड ज्वेलरी जब्त किए गए थे। इनका वजन करीब दो किलो था। प्रदेश के कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में यादव सिंह की हिस्सेदारी बताई जाती है। उनके कई मॉल भी निर्माणाधीन हैं। बताया जा रहा है कि चीफ इंजीनियर और उनके परिवार के सदस्यों के पास कुल करीब एक हजार करोड़ रुपए कीमत की संपत्ति हो सकती है।