थम गया सिकन्दरा सीट पर चुनाव प्रचार का शोर

punjabkesari.in Wednesday, Dec 20, 2017 - 11:11 AM (IST)

कानपुर: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख और बहुचर्चित बेहमई को अपने में समेटे उत्तर प्रदेश विधानसभा की सिकन्दरा सीट पर मंगलवार को चुनाव प्रचार का शोर थम गया।

भाजपा विधायक मथुरा पाल की मृत्यु की वजह से सिकन्दरा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। मतदान 21 को और मतगणना 24 दिसम्बर को होगी। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक चलेगा। भाजपा ने इस सीट को बरकरार रखने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी यहां चुनाव प्रचार किया। भाजपा ने पाल के पुत्र अमित पाल को उम्मीदवार बनाया है।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने पूर्व सांसद राकेश सचान की पत्नी सीमा सचान को प्रत्याशी बनाया है जबकि कांग्रेस से प्रभाकर पांडेय चुनाव लड़ रहे हैं। सचान को पीस पार्टी का भी समर्थन हासिल है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कोई उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है। इसलिए बसपा के मूल वोट माने जाने वाले अनुसूचित जाति के मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए सभी दलों ने ऐड़ी चोटी का जोर लगा रखा है।