नोनहरा कांड: सियाराम उपाध्याय के भाई शशिकांत ने बताई सच्चाई, कहा – ''सरकार और प्रशासन ने हर मोड़ पर की मदद''
punjabkesari.in Sunday, Sep 14, 2025 - 09:58 AM (IST)
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद के नोनहरा थाना क्षेत्र में दिव्यांग भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। पहले परिवार की ओर से पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए गए थे, लेकिन अब मृतक के बड़े भाई शशिकांत उपाध्याय ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि उन्हें सरकार और प्रशासन की ओर से पूरी सहायता मिल रही है।
CM योगी और प्रशासन पर जताया भरोसा
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शशिकांत उपाध्याय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है और सरकार ने हर स्तर पर पीड़ित परिवार की चिंता की है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर जो भ्रामक बयान वायरल हो रहे हैं, वे आंशिक रूप से गुस्से और भावनाओं में दिए गए थे। उन्होंने कहा कि हमें ना तो कहीं से कोई दबाव है और ना ही हमने किसी से कोई पैसा लिया है। जो भी आर्थिक सहायता की बात सामने आ रही है, वह पूरी तरह से प्रशासन द्वारा की गई है।
SP ईरज राजा की कार्यशैली की सराहना
शशिकांत ने गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ईरज राजा की कार्यशैली की भी सराहना की और कहा कि वे बिल्कुल निष्पक्ष तरीके से काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि SP डॉ. ईरज राजा ने खुद उनके परिवार से मुलाकात कर भरोसा दिलाया है कि उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा। एसपी साहब पूरी तरीके से हमारे साथ खड़े हैं। शशिकांत ने कहा कि हमें पूरा भरोसा है कि न्याय मिलेगा।
राजनीतिक साजिश की जताई आशंका
बता दें कि यह मामला उस समय गरमा गया था जब सियाराम उपाध्याय की मौत को लेकर पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए गए थे। परिवार की ओर से पहले पुलिस की पिटाई को मौत की वजह बताया गया था, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक को कारण बताया गया। अब जब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर सरकार के प्रतिनिधि लगातार पीड़ित परिवार से संवाद कर रहे हैं, तब जाकर माहौल में कुछ शांति आई है। शशिकांत उपाध्याय ने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक या बाहरी ताकतें मामले को भटकाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट है और उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।