UP से लेकर दुबई-थाईलैंड तक फैला था गैंगेस्टर दुबे का साम्राज्य, करोड़ों की संपत्ति की होगी जांच

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2020 - 07:38 PM (IST)

कानपुर 11 जुलाई (इंट.): 8 पुलिसकर्मियों का हत्या कर फरार होने वाला गैंगस्टर विकास दुबे शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। अब उसकी, उनके परिवार और करीबी सहयोगियों की चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा प्रवर्तन निदेशालय ने मांगा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विकास दुबे के एक सहयोगी ने दुबई और थाईलैंड में पेंट हाउस खरीदे थे जिसकी कीमत 30 करोड़ रुपए है।

पिछले तीन सालों में 14 देशों की यात्रा 
विकास दुबे ने पिछले तीन सालों में 14 देशों का यात्रा की है जिसकी जांच-पड़ताल की जा रही है। हाल ही में उसने लखनऊ में एक घर खरीदा है जिसकी कीमत 20 करोड़ रुपए से ऊपर बताई जा रही है। इसके अलावा कानपुर के अंदर ब्रह्मनगर में छह मकान, आर्यनगर के एक अपार्टमेंट में आठ फ्लैट और पनकी में एक ड्यूप्लैक्स कोठी की जानकारी मिल चुकी है। इनकी अनुमानित कीमत 28 करोड़ रुपए बताई जा रही है। विकास और उसके सहयोगी के बीच बैंक के जरिए लेनदेन के ठोस सबूत मिल चुके हैं। इसके बावजूद आयकर विभाग को खबर नहीं लगी जबकि प्रदेश में बेनामी विंग की शाखा केवल कानपुर में है।

ईडी ने मांगा विकास दुबे के आपराधिक मामलों पर विवरण 
ईडी ने 7 जुलाई को कानपुर पुलिस को दिए एक शासकीय सूचना में विकास दुबे, उनके परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट, 2002 के प्रावधानों के तहत अचल और चल संपत्ति का विवरण एकत्र करने के निर्देश देने का आदेश दिया था। इसके अलावा ईडी ने इन सबके खिलाफ आपराधिक मामलों पर विवरण भी मांगा है। 

प्रवर्तन निदेशालय ने कहा-विकास दुबे के पास 5,200 करोड़ की प्रॉपर्टी !
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय के सूत्रों की मुताबिक 5,200 करोड़ की प्रॉपर्टी विकास दुबे के पास हो सकती है। 


पुलिस मुठभेड़ में मारा गया विकास दुबे 
गौरतलब है कि विकास दुबे को गुरुवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था। उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ टीम उसे लेकर कानपुर आ रही थी। पुलिस का दावा है कि जिस गाड़ी में विकास दुबे को लाया जा रहा था वो पलट गई। जिसके बाद विकास दुबे ने क्षतिग्रस्त पुलिसकर्मी से पिस्टल छीनी और भागने लगा। एसटीएफ टीम ने उसका पीछा किया तो उसने गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें विकास दुबे घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

Ajay kumar