अब यूपी के सरकारी दफ्तरों में गुटखा-पान मसाला पर लगा बैन

punjabkesari.in Wednesday, Mar 22, 2017 - 04:48 PM (IST)

लखनऊः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान को आगे बढाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने अधिकारियों को राज्य के सरकारी कार्यालयों को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने आज यहां वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुलाकात के बाद एनेक्सी और लोकभवन का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी दफ्तरों में गुटखा-पान और प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने का आदेश दिया है। योगी ने अधिकारियों से कहा है कि वे स्वयं स्वच्छता का ध्यान रखें। पान गुटखा खाकर परिसर में गंदगी न करें। सरकारी कार्यों के चलन से प्लास्टिक को दूर करें।

बता दें कि आदित्यनाथ योगी ने एनेक्सी में कई अधिकारियों के कमरों का भी निरीक्षण किया। वह सचिवालय परिसर में जहां तहां गंदगी देखकर नाराज दिखे और अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने लोकभवन और सचिवालय परिसर में गुटखा और पान के खाने पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए।वहीं उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने लोकभवन के सभी तलों का निरीक्षण करके निर्देश दिए कि परिसर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाया जाए। सचिवालय भवनों को साफ सुथरा रखा जाए।