ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करना अब होगा आसान, जल्द होगी समय सीमा में बढ़ोतरी
punjabkesari.in Tuesday, Nov 15, 2022 - 04:05 PM (IST)

मथुराः उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित बांकेबिहारी मंदिर में अपने ठाकुर जी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। मंदिर के बाहर घंटों तक लंबी-लंबी लाइन लगी रहती है। कुछ भक्तों को तो अपने भगवान के दर्शन करने का मौका भी नहीं मिल पाता और वह नाराज होकर मंदिर से वापस लौट रहे है। लेकिन अब श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन ने मंदिर के दर्शन समय में बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए हैं। इससे सभी भक्त ठाकुर जी के दर्शन कर सकते है।
बता दें कि ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आने वाले भक्तों की संख्या काफी बढ़ रही है। पिछले कुछ दिनों से यहां पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी हुई है। इस भीड़ के दबाव में आकर कुछ लोग बेहोश भी हो रहे है। दरअसल, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा कुछ बदलाव भी किए गए थे, लेकिन उसके बावजूद भीड़ को नियंत्रित नहीं किया जा सका। कुछ भक्तों को भगवान के दर्शन नहीं हुए, जिसके कारण वह नाराज होकर घर लौट रहे है। इस समस्या को देखते हुए मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन ने मंदिर के दर्शन समय में बढ़ोतरी करने के आदेश दिए हैं। बदले समय के अनुसार अब ठाकुर बांकेबिहारी जी सुबह और शाम साढ़े पांच घंटे भक्तों को दिन में कुल 11 घंटे दर्शन देंगे।
यह रहेगा मंदिर में दर्शन करने का समय
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर प्रशासक सिविल जज जूनियर डिवीजन ने तत्काल प्रभाव से मंदिर के दर्शन समय म बढ़ोतरी करते हुए शरद ऋतु में सुबह 7.30 से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 4 से 9.30 तक करने के आदेश दिए हैं। जबकि ग्रीष्मकालीन समय परिवर्तन कुछ इस प्रकार होगा। सुबह 7 से दोपहर 12.30 बजे तक और शाम 5 से रात 10.30 तक होगा। जबकि अब तक मंदिर के दर्शन का समय सुबह 8.45 से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम को 4.30 से रात 8.30 तक है। मंदिर प्रबंधक मुनीश शर्मा ने बताया आदेश मिलने के बाद सेवायतों से दर्शन समय बढ़ाने को लेकर व्यवस्था बनाने पर मंथन चल रहा है। एक दो दिन में नई व्यवस्था शुरू होगी।