अब एक साथ मंच पर आएंगी प्रियंका और डिंपल, देंगी PM को जवाब

punjabkesari.in Sunday, Feb 19, 2017 - 03:34 PM (IST)

नई दिल्ली\लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कड़ा जवाब देने के लिए कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा अब रायबरेली की सभा के बाद समाजवादी पार्टी की नेता और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के साथ मिलकर चुनाव प्रचार को गति देने के लिए संयुक्त सभा करने की योजना बना रही हैं। उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के साथ लखनऊ में जिस तरह दो बार संयुक्त प्रेस कान्फ्रेंस किया था उसी तरह कांग्रेस प्रियंका और डिंपल को एक साथ मंच पर उतारना चाहती है ताकि जनता को अधिक से अधिक आकर्षित किया जा सके।

प्रियंका और डिंपल कर सकती हैं संयुक्त रैली
कांग्रेस के सूत्रों के कहना है कि राहुल और अखिलेश की संयुक्त प्रेस कांफ्रेस का दोनों दलों को बहुत फायदा मिला था इसी तरह पार्टी चाहती है कि इन दोनों महिलाओं को उतार कर गठबंधन को मजबूत बनाया जाए। दोनोंं महिला नेताएं अपनी सभा में भीड़ को आकर्षित कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि आजमगढ़ एवं पूर्वांचल के इलाके में प्रियंका और डिंपल संयुक्त रैली कर सकती हैं। रायबरेली में प्रियंका ने जिस तरह मोदी पर निशाना साधा है उस से पता चलता है कि प्रियंका इस गठबंधन को और आक्रामक बना कर जनता को अपनी ओर आकर्षित कर सकती हैं।

प्रियंका का जादू अभी भी बरकरार
आज उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण का मतदान होने के बाद यह गठबंधन चौथे चरण पर आपना ध्यान केन्द्रित कर रहा है। राज्य में सात चरण में मतदान होना है और अभी केवल दो चरण ही हो पाए हैं। सूत्रों का कहना है कि महिला नेता के चुनाव प्रचार में उतरने से मतदाता उनकी बातों को ध्यान से सुनते हैं। भाजपा के साथ हेमामालिनी और उमा भारती स्टार प्रचारक हैं लेकिन वे उतने प्रभाव शाली वक्ता नहीं हैं, इसलिए डिंपल और प्रियंका उन पर भरी पड़ती हैं। डिंपल भी जहां जहां प्रचार कर रही हैं जनता उनकी बात सुनने के लिए आ रही है, प्रियंका का जादू तो अभी भी बरकरार है ही। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख राजबब्बर कह चुके हैं कि प्रियंका 150 सीटों के लिए चुनाव प्रचार कर सकती हैं।