अब यूपी पुलिस के निशाने पर हैं ये 23 ईनामी बदमाश

punjabkesari.in Wednesday, Jan 03, 2018 - 03:28 PM (IST)

लखनऊ: 50 हजारी सोनू डकैत के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के बाद भी पुलिस की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। अभी भी 23 ईनामी बदमाश पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। इनमें 1 लाख रुपए का ईनामी कुख्यात बलराज भाटी का नाम सबसे ऊपर है। 50-50 हजार रुपए के ईनामी बदमाश भी पुलिस की हिट लिस्ट में हैं।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2017 में पुलिस की करीब 42 बड़ी मुठभेड़ बदमाशों से हुई हैं। इनमें 36 से अधिक ईनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेज चुकी है। 29 दिसम्बर को तड़के सिकंदराबाद में हुई पुलिस मुठभेड़ में ए.डी.जी. प्रशांत कुमार, एस.एस.पी. मुनिराज सहित सी.ओ. आलोक सिंह भी मौके पर मौजूद थे। इन तीनों की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी थी, तीनों अधिकारी बाल-बाल बचे। इस मुठभेड़ में बड़ी सफलता यह रही कि 50 हजार का ईनामी सोनू मारा गया। सोनू डकैती की वारदातों में फरार चल रहा था।

अब पुलिस के सामने चुनौती 23 अन्य ईनामी बदमाश हैं। सबसे ऊपर लिस्ट में एक लाख का ईनामी बलराज भाटी निवासी ग्राम ढूसरी थाना शिकारपुर है। 50 हजार का ईनामी विनोद शर्मा निवासी ग्राम जखैता थाना शिकारपुर सहित 50-50 हजार के 5 ईनामी और हैं, जो डकैती की वारदातों में वांछित हैं। 25 हजार का ईनामी वीरपाल बझेड़ा भी पुलिस की हिटलिस्ट में शामिल है। 20-20 हजार के ईनामी बदमाश लोबिन वैरा फिरोजपुर, महेन्द्र सिंह पलवल, वसीम बालका, फुरकान गुलावठी की गिरफ्तारी भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

इस संबंध में एस.एस.पी. मुनिराज का कहना है कि ईनामी बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। लगातार दबिश भी दे रही है। उम्मीद है कि पुलिस टीम गिरफ्तारी करने में कामयाब होगी।