CM योगी का विपक्ष पर जोरदार हमला, कहा- अब खुद को रामभक्त साबित करने की होड़ लगी हुई है

punjabkesari.in Thursday, Aug 19, 2021 - 03:19 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में मानसून सत्र के तीसरे दिन विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस पहले भगवान राम, कृष्ण और महादेव का नाम लेना भी सांप्रदायिक जाता था। लेकिन आज सबकी टोपी उतर गई है। उन्होंने कहा कि जिस अयोध्या की तरफ लोग कभी देखना पसंद नहीं करते थे आज राम भक्त साबित करने की होड़ लगी हुई है।

मुख्यमंत्री ने सदन में सरकार की उपलब्धियां को गिनाते हुए कहा कि 'लोक कल्याण संकल्प पत्र' को ध्यान में रखकर विगत फरवरी माह में वर्ष 2021-22 का बजट प्रस्तुत किया गया। इस कोरोना काल में जीवन व जीविका को बचाने हेतु प्रारंभ हुए प्रयासों को देखते मानसून सत्र में पुनः हमें अनुपूरक बजट के साथ आना पड़ा।'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' हमारा भाव व दर्शन है। यह हमारे जीवन का एक हिस्सा है, जो हमारी कार्य पद्धति में पग-पग झलकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिना किसी भेदभाव के अपनी प्रत्येक योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हुए लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया है। इसका परिणाम सबके समक्ष है। पिछले 05 वर्ष के दौरान प्रदेश के अंदर बजट का दायरा लगभग दोगुना हुआ है। आज हम बजट के दायरे को लगभग ₹06 लाख करोड़ तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। सब हमारे हैं, उत्तर प्रदेश तो हमारे लिए परिवार है। 24 करोड़ लोग हमारे परिवार के सदस्य हैं।

योगी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को खुशहाल कैसे बनाया जा सकता है, इस दिशा में सरकार द्वारा किए गए प्रयासों के परिणाम आज जमीन पर दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश वर्ष 2015-16 में आबादी में अव्वल और अर्थव्यवस्था में छठवें नंबर पर था। विगत साढ़े चार वर्षों के दौरान किए गए परिश्रम के परिणामस्वरूप आज उत्तर प्रदेश, देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।     

 

 

Content Writer

Umakant yadav