अब लोगों को ऐसे ठग रहे शातिर, सतर्क न रहे तो खाली हो सकता है आपका खाता, बागपत पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंग

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 01:42 PM (IST)

बागपत: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से साइबर ठगी के एक बड़े और संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसने देशभर में फैल रहे ऑनलाइन फ्रॉड के खतरनाक तरीकों को उजागर कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई छोटा-मोटा गिरोह नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से संचालित एक पूरा नेटवर्क था।

ब्रांडेड कपड़ों के आकर्षक विज्ञापन देकर जाल में फंसाते थे आरोपी
जांच के अनुसार, आरोपी Instagram और Facebook जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सस्ते और ब्रांडेड कपड़ों के आकर्षक विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। भारी छूट और लुभावने ऑफर्स के जरिए ग्राहकों को क्लिक करने के लिए प्रेरित किया जाता था।

फर्जी लिंक के जरिए लोगों के बैंक तक पहुंचे थे आरोपी
जैसे ही कोई ग्राहक इन विज्ञापनों के झांसे में आता, उससे पेमेंट, ऑर्डर कन्फर्मेशन या विशेष ऑफर के नाम पर पैसे ऐंठ लिए जाते थे। चौंकाने वाली बात यह है कि इस गिरोह में ज्यादातर 12वीं पास युवा शामिल थे, जो तकनीकी समझ का इस्तेमाल कर लोगों को ठग रहे थे। इसके अलावा, गिरोह के सदस्य ऑनलाइन गेमिंग, स्क्रीन शेयरिंग और फर्जी लिंक के जरिए लोगों के बैंक खातों तक पहुंच बना लेते थे। एक बार एक्सेस मिलते ही कुछ ही मिनटों में खाते खाली कर दिए जाते थे।

देशभर में लोगों को कॉल करते थे ठग 
पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि आरोपियों ने एक कमरे में फर्जी कॉल सेंटर बना रखा था। यहीं से वे देशभर में लोगों को कॉल करते थे। पहले WhatsApp के जरिए संपर्क किया जाता, फिर VPN के माध्यम से विदेशी नंबरों का उपयोग कर भरोसा जीतकर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

 4 करोड़ से ज़्यादा की आरोपी कर चुके हैं ठगी
पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं जिनमे 19 मोबाइल फोन, 8 लैपटॉप,21 एटीएम कार्ड कई कंपनियों के वाईफाई डिवाइस, हेडफोन और अन्य डिजिटल उपकरण अहम दस्तावेज है। ये सभी सामान इस बात का सबूत हैं कि ठगी का नेटवर्क कितना संगठित और प्रोफेशनल था। इस बड़े खुलासे के बाद एसपी सूरज राय ने पूरी टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। अभी तक 4 करोड़ से ज़्यादा की ठगी कर चुके हैं। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static