अलीगढ़ में CAA विरोध को हिंसक रुप देने वाले 4 प्रदर्शनकारियों पर लगा NSA

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2020 - 04:37 PM (IST)

अलीगढ़ः उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वालों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। इसी क्रम में अलीगढ़ में सीएए के खिलाफ किए गए विरोध प्रदर्शन के संबंध में गिरफ्तार किए गए चार लोगों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया है। इन चारों को 23 फरवरी को हुई हिंसा में उनकी कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया है।

SSP मुनिराज ने बताया कि NSA के तहत चारों आरोपियों इमरान, अनवर, साबिर और फहीमुद्दीन को जेल भेज दिया गया है। उनकी जमानत याचिका सत्र अदालत के समक्ष लंबित है। मामले में गिरफ्तार कुछ अन्य लोगों को हाल ही में जमानत दे दी गई थी। एसएसपी ने कहा, 'इनपुट हैं कि अगर यह चार व्यक्ति जमानत पर बाहर आते हैं, तो वे शांति के लिए खतरा पैदा करेंगे इसलिए जिला प्रशासन ने NSA के तहत चारों को बुक करने का निर्णय लिया है।'

गौरतलब है कि पुराने शहर इलाके में पुलिस और CAA का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुई थीं। इसमें कम से कम पांच लोग घायल हो गए थे। वहीं पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया था। फरवरी में गिरफ्तार किया गए इन लोगों पर शनिवार को NSA लगाया गया। NSA के तहत, एक व्यक्ति को बिना किसी आरोप के 12 महीने तक हिरासत में रखा जा सकता है।

 

 

 

Author

Moulshree Tripathi