वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कुछ दिनों पहले बताई थी समस्या

punjabkesari.in Friday, May 07, 2021 - 03:27 PM (IST)

नोएडाः उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर- 49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-47 में रहने वाली 77 वर्षीय एक वृद्ध महिला की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि उक्त महिला ने आठ दिन पहले सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट किया था और आरोप लगाया था कि अस्पताल से इलाज कराकर लौटने पर बहू उसे घर में घुसने नहीं दे रही। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर महिला को घर में प्रवेश दिलाया था।

बता दें कि नोएडा सेक्टर-49 थाना के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-47 के डी- ब्लॉक में रहने वाली नूतन कपूर का शुक्रवार की आज सुबह उनके घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। उन्होंने बताया कि मृतका की बहू आरती कपूर ने पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बहू ने बताया कि उसे हत्या का शक है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका तथा उनकी बहू के बीच काफी दिनों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। 

 

 

Content Writer

Moulshree Tripathi