“ओमप्रकाश की बर्खास्तगी देर से लिया गया सही फैसला”

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 03:18 PM (IST)

गाजीपुरः भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कांशी प्रांत के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश राजभर ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी(सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की बर्खास्तगी का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने देर से लेकिन सही फैसला लिया है। राजभर ने कहा कि सुभासपा अध्यक्ष महाराज सुहेलदेव का नाम लेकर समाज को ठगने का काम करते रहे हैं। भाजपा ने महाराज सुहेलदेव को यथोचित मान सम्मान देने का काम किया। उसके बावजूद ओम प्रकाश द्वारा भाजपा को ही परेशान किया जाता रहा जो विरोधी दलों के खेमे में बैठकर समाज के विरोध का कार्य करते रहे। ओमप्रकाश राजभर की बर्खास्तगी देर से लिया गया सही निर्णय साबित हुआ है।       

उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर सभी पाटिर्यों में घूम घूम कर राजनीति कर चुकने के बाद भाजपा से गठबंधन किए। भाजपा ने ओमप्रकाश राजभर कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया, लेकिन अपनी आदत से मजबूर ओमप्रकाश राजभर केवल अपने परिवार का भला करने के चक्कर में समाज को धोखा देने का काम किए। इनकी संपत्ति की जांच कर ली जाए तो पता चल जाएगा कि इन्होंने समाज का कितना भला किया और अपने परिवार का कितना भला किया है।       

इस बीच सुभासपा व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रभाकर जायसवाल बबलू ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने एक माह पूर्व ही मुख्यमंत्री कार्यालय में अपना इस्तीफा सौंप दिया था तो आज उनकी बर्खास्तगी की सिफारिश महज राजनीतिक नौटंकी है। लोकसभा चुनाव में अपनी होने वाली पराजय से तिलमिला कर भाजपा नेताओं ने अपनी लाज बचाने की गरज से यह कार्यवाही की है।

 

Ruby