जन्मदिन पर मिली ऐसी मौत, बाइक रही ऊपर और 30 फीट नीचे जा गिरा युवक

punjabkesari.in Sunday, Oct 22, 2017 - 12:43 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक अनियंत्रित बाइक से युवक फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। हैरानी की बात तो यह है कि युवक की बाइक पुल पर ही रह गई और वो 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसा इतना खतरनाक था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

दरअसल मामला न्यू हैदराबाद बादशाह नगर कॉलोनी का है। जहां का रहने वाला कुणाल नोएडा के एमेटी यूनिवर्सिटी से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करता था। दीपावली पर वह घर आया हुआ था। बीती शाम अपने जन्मदिन पर वह विभूतिखंड स्थित पिकअप भवन के सामने फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार बाइक से जा रहा था। अचानक बाइक अनियंत्र‍ित होकर पुल से नीचे चली गई।

एसओ विभूतिखंड सतेंद्र राय ने बताया कि एक शख्स तेज रफ्तार बाइक से पुल के नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक मां-बाप का इकलौता बेटा था। उसकी 2 बहनें भी हैं उसके पिता रेलवे में ठेकेदार है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।