राजनीति में 25 साल पूरे होने पर बोले राजा भैया-सत्ता में आए तो हफ्ते में कराएंगे किसानों का भुगतान

punjabkesari.in Friday, Nov 30, 2018 - 05:30 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में लगातार 6 बार निर्दलीय विधायक रहे रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का 25 साल का राजनीति सफर शुक्रवार को पूरा हो गया। इस मौके पर उन्होंने रमाबाई अंबेडकर मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। जिसमें प्रदेश ही नहीं बल्कि देश भर से समर्थकों ने शिरकत की। राजा भैया ने समर्थकों का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने समर्थकों के कहने पर नया दल बनाया है। पार्टी के 3 नाम चुनाव आयोग को भेज दिए गए हैं। रैली में राजा भैया ने किसानों से जुड़ा मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के किसान परेशान हैं, क्योंकि उन्हें अभी तक भुगतान नहीं हुआ। बहुत से एेसे विषय हैं जिनपर राजनीतिक दल अभी तक चुप्पी साधे हुए हैं। राजा भैया ने कहा कि यदि हम सत्ता में आए तो हफ्ते में किसानों का भुगतान कराएंगे। 

उन्होंने हम सभी धर्मों और जातियों की समानता के लिए संघर्ष करेंगे। अनुसूचित जाति एवं जनजाति कानून को साल दर साल और अधिक पेचीदा बना दिया गया है। उच्चतम न्यायालय द्वारा इसे असंवैधानिक करार दिए जाने के बाद सभी पार्टियां संसद से कानून बनाने को लेकर एकजुट हो गईं। उन्होंने कहा कि बलात्कार और हत्या के मामलों में मुआवजे का अलग अलग नियम क्यों है। जघन्य अपराधों के लिए एक जैसा मुआवजा होना चाहिए। हम समानता के लिए संघर्ष शुरू करेंगे। हम प्रोन्नति में आरक्षण के खिलाफ हैं। 

राजा भैया ने कहा कि नई पार्टी के पंजीकरण के लिए चुनाव आयोग से संपर्क किया गया है। उसके बाद कार्यकारिणी का गठन होगा, सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा और घोषणापत्र जारी किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में वह दलित विरोधी कहे जा सकते हैं, लेकिन वह दलित विरोधी नहीं हैं बल्कि केवल समानता की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी राजनीतिक दल जाति एवं धर्म के आधार पर समाज को बांटने में लगे हैं। हम भाईचारा और एकता चाहते हैं।  सिंह प्रदेश में अखिलेश यादव, कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह की सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। 
 

Ruby