बदमाशों पर CM योगी और पुलिस का कोई खौफ नहीं: अखिलेश

punjabkesari.in Wednesday, Jan 24, 2018 - 08:46 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डकैती, लूट, बलात्कार की घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रही हैं। जब प्रदेश की राजनीति में ही असुरक्षा और आतंक का माहौल व्याप्त हो गया है तो फिर पूरे प्रदेश के हालात को आसानी से समझा जा सकता है। अपराधी बेखौफ हैं। उन्हें राज्य सरकार और इसकी पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 10 महीने की भाजपा सरकार में आम जनता दहशत की शिकार हो गई है। लचर शासन व्यवस्था की वजह से पुलिस प्रशासन की उदासीनता जग जाहिर हो गई है। सूबे के मुखिया न तो पीड़ितों की सुध ले रहे हैं और न ही कानून का राज कायम करने में सफल हो रहे हैं। मुख्यमंत्री जी सिर्फ एनकाऊंटर को समाधान मानते हैं जबकि अपराधी खुलेआम सरकार को चुनौती देते नजर आ रहे हैं। अखिलेश यादव ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि प्रदेश में गुंडाराज और अराजकता की वजह से उद्योगपति कैसे प्रदेश में निवेश के लिए आएंगे?