राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए जुटाये 11 लाख

punjabkesari.in Tuesday, Aug 21, 2018 - 10:51 AM (IST)

लखनऊः केरल में भीषण बाढ़ की त्रासदी के मद्देनजर राजधानी लखनऊ समेत समूचे उत्तर प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की 74वीं जयंती सोमवार को श्रद्धा एवं सादगी के साथ मनाई गई। कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर की अपील पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने 11 लाख रूपये इकट्ठा करके‘राजीव गांधी नेशनल रिलीफ एण्ड वेलफेयर ट्रस्ट’में केरल फ्लड रिलीफ फण्ड के लिए सहयोग किया।   

इस मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।  इस अवसर पर पूर्व विधायक सतीश अजमानी, पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेयी, पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री राजबहादुर, डॉ आर.पी त्रिपाठी, हनुमान त्रिपाठी, अनीस अंसारी समेत बडी संख्या में कांग्रेसी मौजूद थे।  

रायबरेली में पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर लोगों ने उन्हें याद किया। कांग्रेस ने इस अवसर पर मरीजों को फल वितरण, रक्तदान शिविर का आयोजन और जगह-जगह भंडारे का आयोजन कर उन्हें याद किया। जिले भर में राजीव गांधी की जयंती मनाने का सिलसिला चलता रहा। शहर में कुष्ठ आश्रम में गरीबों को भोजन वितरण ,जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण ,छात्र संगठन द्वारा रक्तदान शिविर एवं हंस हॉस्पिटल में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।  

सांसद सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा ने चिकित्सा शिविर ,फल वितरण एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों ने भी राजीव गांधी की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया।    
 

Ruby