पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दवे के निधन पर यूपी विधानसभा में शोक प्रस्ताव

punjabkesari.in Thursday, May 18, 2017 - 03:32 PM (IST)

लखनऊ: केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अनिल माधव दवे के निधन पर उत्तर प्रदेश राज्य विधानसभा में शोक व्यक्त किया गया और दिवगंत नेता को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की गई।

विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि दवे एक प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्त्ता, सर्जक, लेखक और भारतीय राष्ट्रवादी भूमिका को समाज में ले जाने वाले विचारनिष्ठ राजनेता थे। जो लोग समाज में नई मर्यादाओं को गढ़ने में ध्येयनिष्ठ एवं कर्मनिष्ठ बने रहते हैं, इतिहास उनका हमेशा अभिनन्दन करता है। दवे ऐसी ही शख्सियत थे। मुख्यमंत्री एवं नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दवे छात्र जीवन से ही विभिन्न सामाजिक व राजनैतिक गतिविधियों और कार्यक्रमों में सक्रिय रहे। मध्य प्रदेश समेत देश के तमाम भागों में उनके द्वारा किए गए रचनात्मक कार्यों की विभिन्न संगठनों एवं संस्थाओं द्वारा सराहना की गई।

भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों के साथ उनका लम्बे समय से जुड़ाव रहा है। उनकी सेवाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों को देखते हुए अगस्त, 2009 में दवे को राज्य सभा के लिए चुना गया। राज्य सभा में जाने के बाद उन्होंने जल संसाधन एवं सूचना और प्रसारण मंत्रालय की स्थायी समितियों के माध्यम से अच्छा कार्य किया। इसके अलावा ग्लोबल वॉर्मिंग पर भी उनका कार्य सराहनीय रहा है।

योगी ने कहा कि अपनी रचनात्मक गतिविधियों के लिए दवे सदैव स्मरण किए जाते रहेंगे। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता और मंत्री ओम प्रकाश राजभर, नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी, बहुजन समाज पार्टी के लालजी वर्मा, कांग्रेस के अजय कुमार ‘लल्लू‘, अपना दल के आर के पटेल ने दवे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष से अपने-अपने दलों की भावनाओं से दवे के परिजनों को अवगत कराने का अनुरोध किया।