CM योगी व PM मोदी के चित्र पर माला डालने का मामला पकड़ता जा रहा है तूल

punjabkesari.in Sunday, Aug 19, 2018 - 02:35 PM (IST)

बुलन्दशहर: स्वतंत्रता दिवस पर नगरपालिका बुलन्दशहर द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र पर माल्यार्पण करने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा के नेता तो खुलकर नहीं आ रहे हैं, परन्तु दूसरी राजनीतिक पार्टियां इस मामले में चेयरमैन को दोषी मान रही हैं और चेयरमैन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही हैं।

इस मामले में नगरपालिका बुलन्दशहर की लापरवाही सामने आ रही है क्योंकि जिस कार्यालय में योगी और मोदी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया, वह कार्यालय खुद नगर पालिकाध्यक्ष का है और वह उस समय कार्यालय में स्वयं मौजूद थे। वहीं नगर पालिकाध्यक्ष इस मामले में कर्मचारियों की लापरवाही की बात कर रहे हैं। इसके लिए भी राजनीतिक पार्टियों ने नगर पालिकाध्यक्ष मनोज गर्ग को ही जिम्मेदार ठहराया है। इस मामले में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष मुनीर अकबर का कहना है कि योगी और मोदी के चित्र पर माला डालने के प्रकरण में नगर पालिकाध्यक्ष मनोज गर्ग स्वयं जिम्मेदार हैं। इस मामले में नगर पालिकाध्यक्ष के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

सपा के प्रदेश सचिव दिनेश गुर्जर का कहना है कि भाजपा नेता सत्ता के नशे में इतने मदहोश हो गए हैं कि वह क्या सही व क्या गलत कर रहे हैं उन्हें इसका पता नहीं चल रहा है। हालांकि यह सोचने वाला विषय है। इस मामले में आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए क्योंकि यह जो कुछ भी किया गया है वह सिर्फ नासमझी का नतीजा है। शिवसेना जिलाध्यक्ष सर्वेश राणा का कहना है कि मोदी और योगी के चित्र पर माल्यार्पण कर नगरपालिका बुलन्दशहर ने देश व प्रदेश की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, जिसकी जीतनी कड़ी शब्दों में निंदा हो उतना कम है। इस मामले में नगरपालिका बुलन्दशहर पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

‘आप’ महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष संगीता अहलावत ने कहा कि नगर पालिकाध्यक्ष ने जो कुछ किया है उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस कृत्य के लिए नगर पालिकाध्यक्ष को अपना इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री सभी लोगों के लिए हैं वह किसी एक विशेष के लिए नहीं हैं, लेकिन नगरपालिका अध्यक्ष के कार्यालय में जो कुछ हुआ उसकी जितनी निंदा की जाए वह कम है। वहीं इस मामले में नगरपालिका ईओ एके सिंह का कहना है कि अभी जांच चल रही है, जब जांच पूरी हो जाएगी तो बता दिया जाएगा। 

Anil Kapoor