कुदरत का कहर! बांदा में आकाशीय बिजली से एक किसान व दो मावेशियों की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Sep 21, 2022 - 10:51 PM (IST)

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में पिछले 24 घंटे से हो रही वर्षा के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई और 03 अन्य लोग झुलस गए। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक गाय सहित दो पालतू मवेशियों की भी मौत हो गई। 

पुलिस ने बुधवार को बताया कि जसपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में कल शाम भैंस चरा रहा 20 वर्षीय युवक गुलशन पुत्र रामपाल आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। उसे उपचार हेतु देर रात जिला अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। पुलिस ने बताया कि पैलानी थाना क्षेत्र में बुधवार को मवेशी चरा रहे 60 वर्षीय राम अवतार व 15 वर्षीय सीमा आकाशीय बिजली से झुलस गये। इसकी चपेट में आने से एक गाय की मौके पर मृत्यु हो गई। घटना में घायल राम अवतार व सीमा को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।      

इसी प्रकार बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने की घटना मटौंध थाना क्षेत्र के त्रिवेणी गांव में हुई। इसमें 60 वर्षीय रामरेख गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद एक बकरी की मृत्यु हो गई। घटना में झुलसे रामरेख को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।

Content Writer

Mamta Yadav