बुलंदशहर: विदाई के 4 घंटे बाद ही लापता हुई नई नवेली दुल्हन, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Jul 10, 2019 - 11:50 AM (IST)

बुलन्दशहर: सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव में विदाई के 4 घंटे बाद ही दुल्हन जेवरात के साथ ससुराल से गायब हो गई। ससुरालियों ने कार सवार युवक पर दुल्हन को ले जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुलावठी रोड स्थित गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 जुलाई की शाम को उसके बेटे की बारात जेवर क्षेत्र के गांव में गई थी। 7 जुलाई की सुबह दुल्हन को विदा करा कर करीब 7 बजे अपने घर पहुंचे। रातभर शादी में व्यस्त रहने के कारण परिवार के सभी लोग काफी थक गए थे। दुल्हन ने भी कमरा बंद कर अंदर से कुंडी लगा ली थी।

थकान के कारण परिवार के लोग सो गए। इसी दौरान दुल्हन मौका पाकर घर से बाहर चली गई। वे दुल्हन को तलाशने के लिए घर के बाहर निकले तो ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकान से कुछ दूरी पर आकर रुकी कार में दुल्हन बैठकर चली गई। बताया गया कि कार पर प्रधान लिखा हुआ था। दुल्हन के गायब होने से ससुराल, मायके दोनों पक्षों के लोगों में हड़कंप मच गया। कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।

Anil Kapoor