BJP सरकार ने 10 महीने में जनता को दिया सिर्फ धोखा: अखिलेश

punjabkesari.in Friday, Feb 09, 2018 - 09:07 AM (IST)

लखनऊ: सपा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी पार्टी किसान, बेरोजगार, मंहगाई और बिगड़ी कानून व्यवस्था से त्रस्त जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनता को सिर्फ धोखा दिया है। उसका जनहित के कार्यो पर कोई ध्यान नहीं है। भाजपा का रवैया किसान एवं जन विरोधी है।

उन्होंने कहा कि अपनी कमियों पर निगाह न डालकर सपा पर विधानसभा की कार्यवाही में बाधा डालने का आक्षेप लगाना अमर्यादित और घोर निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता हित में आवाज उठाना विपक्ष का दायित्व है। उसके इस अधिकार और दायित्व पर सवाल उठाना स्वयं में लोकतंत्र की अवमानना करना है। सच तो यह है कि प्रदेश में अराजकता और अशांति है। जनाक्रोश की अभिव्यक्ति समाजवादी पार्टी के विधायक करते हैं तो यह उनकी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है। भाजपा को विपक्ष को डराने धमकाने की भाषा नहीं बोलनी चाहिए।

यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता के मद में चूर है। प्रदेश में दिनों दिन कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो रही है। किसानों की बदहाली पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पुराना आलू सड़ गया है और नए आलू की फसल की कीमत अभी तक तय नहीं है।