इस गांव में सिर्फ महिलाएं खेलती हैं होली, वजह कर देगी हैरान

punjabkesari.in Thursday, Feb 22, 2018 - 08:52 AM (IST)

लखनऊ: रंगों का त्योहार होली हर राज्य और शहर में अलग अलग ढंग से मनाया जाता है। होली को लेकर बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को खासा उत्साह रहता है। ऐसे में अगर आपको पता चले की देश में एक ऐसी भी जगह है, जहां महिलाओं के अलावा मर्दों और बच्चों तक को होली खेलने की इजाजत नहीं है।

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर गांव कुन्डरा में कई सालों से अनोखी परंपरा चली आ रही है, इस परंपरा के अनुसार गांव का कोई भाई, मर्द या बच्चा होली नहीं खेल सकता है। गांव वालों का कहना है कि कई साल पहले होली के दिन गांव के राम जानकी मंदिर में फाग उत्सव के दौरान इनामी डकैत मेम्बर सिंह ने राजपाल नामक एक युवक को गोली मार कर हत्या कर दी थी। इसके बाद से गांव में कई साल तक होली नहीं मनाई गई थी।

इसके बाद एक बैठक की गई जिसमें फैसला लिया गया कि गांव की सारी महिलाएं मर्दों की गैरमौजूदगी में पूरी रस्मों रिवाज के साथ होली मनाएंगी। इस दिन गांव की सभी महिलाएं होली मनाती है और सारे पुरुष गांव से बाहर चले जाते है।