ओपी राजभर का बड़ा ऐलान- निकाय चुनाव अपने दम पर लड़ेगी सुभासपा, किसी के साथ नहीं होगा समझौता

punjabkesari.in Saturday, Oct 22, 2022 - 12:46 PM (IST)

बलिया: सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर आज कल अपनी पार्टी के विस्तार के लिए प्रदेश में सावधान रथ यात्रा निकाल रहे हैं। इस दौरान वो शुक्रवार को बलिया पहुंचे। वहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी यूपी के सभी 75 जिलों में अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। इसके साथ ही वो कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी जमकर हल्ला बोला कहा- राहुल अभी चलना सीख रहे।



निकाय चुनाव में किसी से समझौता नहीं

सावधान रथ यात्रा लेकर बलिया पहुंचे ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को ऐलान किया कि उनकी पार्टी यूपी में होने वाले निकाय चुनाव में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। साथ ही प्रदेश के सभी 75 जिलों में वो अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे। पार्टी उन प्रत्याशियों को ही टिकट देगी जो जीतने की स्थिति में होंगे।

कांग्रेस पर साधा निशाना
सुभासपा नेता से जब मीडिया ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री के गीता वाले बयान को लेकर सवाल किया तो ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि जब 40 साल सत्ता में रहे तब उन्हें गीता में क्या लिखा है? ये याद नहीं आया। यूपी में अब उनके 2 विधायक बचे है। जो मर्जी आए वो बोले पर जनता अब सुनने को तैयार नहीं है। वहीं राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि राहुल गांधी कभी पैदल नहीं चले हैं।अब पैदल चलना सीख रहे हैं। मजा तो आएगा ही भारत जोड़ो यात्रा को कांग्रेस का आंदोलन बताते हुए कहा कि  वे पिछले 8 साल से केंद्र की सत्ता से बेदखल हैं। लिहाजा सत्ता में आने के लिए दांव लगा रहे हैं। उसी में राहुल जी भी अपना दांव लगा रहे हैं।

प्रदेश सरकार को लेकर दिखी नरमी
अमूमन अपने हर भाषण में केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार को घेरने वाले राजभर अपने सावधान यात्रा के दौरान प्रदेश सरकार को लेकर नरमी बरत रहे है। वो सत्तारूढ़ दल से ज्यादा देश व प्रदेश के विपक्षी नेताओं पर ही हमलावर है। वो प्रदेश के लोगों से विपक्षी दलों से सावधान रहने की हिदायत दे रहे हैं।
 

Content Writer

Imran