लूट का विरोध करना व्यापारी को पड़ा महंगा, बदमाशों ने कर दिया एेसा हाल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2017 - 12:38 PM (IST)

नोएडाः उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर 50 इलाके में देर रात एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर व्यापारी को गोली मार कर घायल कर दिया। घायल व्यापारी को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार व्यापारी का नाम याद राम गर्ग बताया गया है, जो सेक्टर 9 में हार्डवेयर का व्यवसाय करता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है।  नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि सेक्टर 50 निवासी याद राम गर्ग रात्रि करीब साढ़े 9 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घर के नजदीक ही एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 बदमाशों ने लूट के इरादे से घेर लिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने 12 बोर तमंचे से उन पर गोली चला दी।

व्यापारी को 2 गोली लगी और वह सड़क पर गिर गया। उसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दे कर घायल को पास के ही  अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल व्यापारी का उपचार किया जा रहा है।

कुमार के मुताबिक घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात है और बदमाशों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में व्यापारियों के साथ नोएडा में इसप्रकार की घटना होना आम बात हो गई है। अभी तक करीब 3 ऐसी वारदातें घट चुकी हैं।