ओवैसी का योगी सरकार पर बड़ा आरोप- UP में जितने एनकाउंटर हुए उनमें 37 प्रतिशत मुसलमान

punjabkesari.in Monday, Mar 15, 2021 - 10:50 AM (IST)

बलरामपुर: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (आईएमआईएम) अध्यक्ष असुद्दीन ओवैसी ने वर्ग विशेष के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि योगी सरकार में 37 प्रतिशत मुसलमानों का एनकाउंटर किया गया। उन्होंने कहा कि सुहेलदेव समाज पार्टी के गठबंधन से हमारी पार्टी मजबूत होगी। इस मौके पर सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मैंने मोदी सरकार से 29 जातियों को आरक्षण देने का मामला उठाया था, लेकिन सरकार ने उन्हें आरक्षण नहीं दिया। इस कारण भाजपा से इस्तीफा दिया। उसके बाद उन्होंने 9 पाटिर्यों को एकत्र कर भागीदारी संयुक्त मोर्चा के नाम से नई पार्टी बनाई।

आईएमआईएम सांसद ने पेट्रोल डीजल व रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इस मंहगाई से आम जनता भाजपा से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि संविधान बचाने के लिए हमें जान की कुर्बानी करनी पड़े तब भी हम पीछे नहीं हटेंगे। औवैसी  जिले के उतरौला विधानसभा क्षेत्र के बरदही चौराहे पर भागीदारी संयुक्त मोर्चा की विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मजहब के नाम पर कानून नहीं बन सकता। एनआरसी का विरोध मेरी पार्टी ने पूरे देश में किया और मैंने संसद में इस कानून की प्रति तक फाड़कर विरोध दर्ज कराया।

राजभर ने कहा कि अगर मुसलमान व राजभर जाति के लोग जुटकर भागीदारी संयुक्त पार्टी को वोट देते हैं तब उनकी पार्टी को कोई हरा नहीं सकता है। बसपा-सपा व कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि वह जातियों के आधार पर उन्हें फुसलाकर वोट लेती है लेकिन उनके हित का कोई काम नहीं करती है। उन्होंने कहा कि ओबैसी व राजभर पार्टी के मिलने से आईएमआईएम मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के मिलने से भाजपा, कांग्रेस,सपा बसपा की नींद उड़ी है। वोट तुम्हारा राज हमारा का सिद्धान्त नहीं चलेगा। जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी भागीदारी होगी।

Content Writer

Anil Kapoor