अब रंगाई-पुताई से संवरने को तैयार शाही जामा मस्जिद, खुद मजदूर लेकर आई ASI टीम... जानिए कब शुरु होगा काम?
punjabkesari.in Sunday, Mar 16, 2025 - 06:19 AM (IST)

Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई रविवार यानी आज (16 मार्च) से शुरू हो सकती है। मस्जिद के सचिव मसूद फारूकी ने शनिवार को यह जानकारी दी। फारूकी ने बताया कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की टीम दोपहर करीब 12 बजे मस्जिद आई और इस बात पर चर्चा की कि पुताई में कितनी सामग्री लगेगी तथा इस काम के लिए कितने मजदूरों की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि हम इसे (पुताई) आज ही शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हम यह काम कल शुरू करेंगे।
आज से शुरू हो सकती है शाही जामा मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई
फारूकी ने कहा कि ये लोग (ASI) कह रहे हैं कि वे कल से काम शुरू करेंगे। हमने उन्हें याद दिलाया कि उच्च न्यायालय ने 7 दिन का समय दिया है, जिसमें से 3 दिन बीत चुके हैं। उन्होंने बताया कि एएसआई के 3 सदस्य यहां आए हैं। वे अपने साथ कुछ मजदूर ले आए हैं। हम भी स्थानीय स्तर पर कुछ मजदूरों की व्यवस्था करेंगे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने बीते बुधवार को एएसआई को संभल में शाही जामा मस्जिद की बाहरी दीवार की पुताई का काम एक हफ्ते में पूरा करवाने का निर्देश दिया था। उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद एएसआई की एक टीम ने 13 मार्च को दीवारों का माप लिया था। इसके बाद शाही जामा मस्जिद के अध्यक्ष जफर अली ने कहा था कि मस्जिद में पुताई का काम होली के बाद शुरू होगा।
सर्वेक्षण के दौरान भड़की हिंसा में 4 लोगों की हो गई थी मौत
बता दें कि न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल ने दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद एएसआई को मस्जिद के बाहर लाइट लगाने का भी निर्देश दिया था। संभल में पिछले साल 24 नवंबर को अदालत के आदेश पर शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। सर्वेक्षण इस दावे के बाद शुरू किया गया था कि मस्जिद का निर्माण मुगल काल में कथित रूप से ढहाए गए एक हिंदू मंदिर के खंडहर पर किया गया है।