131वें जन्मदिन दिवस पर याद किए गए भारतरत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पंत

punjabkesari.in Monday, Sep 10, 2018 - 03:42 PM (IST)

जौनपुरः भारतरत्न गोविन्द बल्लभ पंत का 131 वां जन्मदिन सोमवार को यहां मनाया गया। इस अवसर पर हिन्दुस्तान सोशलिस्ट रिपब्लिंकन आर्मी व लक्ष्मीबाई ब्रिगेड के कार्यकर्ताओ ने शहीद स्मारक पर महान स्वतंत्रता सेनानी पंत के चित्र पर माल्यार्पण किया और उनके व्यक्तित्व तथा कृतित्व पर प्रकाश डाला।

शहीद स्मारक पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए लक्ष्मीबाई ब्रिगेड के अध्यक्ष मंजीत कौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जन्म उत्तराखण्ड के अल्मोड़ा जिले के खूंट गांव मे 10 सितंबर 1887 को हुआ था।

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से 1909 में कानून की परीक्षा पास की और काकोरी काण्ड के मुकदमें की पैरवी से उन्हें पहचान व प्रतिष्ठा मिली। 1937 में श्री पंत संयुक्त प्रान्त के प्रधान मंत्री बने और 1946 में उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने। 10 जनवरी 1955 को श्री पंत जी ने भारत के गृहमंत्री का पद सभाला था।  उन्होंने कहा कि देश में ऐसे क्रातिकारी नेताओं की सूची बहुत कम है, जिन्होंने राजनीति के साथ-साथ साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उत्तराखण्ड ने शिक्षा के क्षेत्र में जो भी उपलब्धियां हासिल की है, पंत जी ने उनकी आधार शिला रखी है। उन्होंने कहा कि पंत जी ने ही हिन्दी को राजकीय भाषा का दर्जा दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। सात मार्च 1961 को पंत का देहान्त हो गया।

Tamanna Bhardwaj