हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने महाराष्ट्र से मथुरा आया खिलाड़ी यमुना में डूबा, मौत

punjabkesari.in Monday, Jun 06, 2022 - 07:17 PM (IST)

मथुरा: जिले में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने महाराष्ट्र के जलगांव से आए युवक की यमुना नदी में नहाते समय डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हॉकी टीम के कई सदस्य सुबह वृन्दावन भ्रमण के पश्चात युगल घाट पर यमुना नदी में नहाने गए थे। उन्हीं में शामिल अर्णव (20) अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर किनारे पर मौजूद नाविकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह उन्हें नहीं मिला। करीब एक घंटे बाद उसकी लाश बरामद हुई। युवक के यमुना में डूबने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने उसे तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Content Writer

Imran