यात्री ने विमान लैंडिंग के दौरान दरवाजा खोलने का किया प्रयास, पुलिस पूछताछ में बताई ये हैरान कर देने वाली बात

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 03:20 PM (IST)

वाराणसी: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बेंगलुरु से आ रही इंडिगो विमान का दरवाजा एक युवक द्वारा खोलने का प्रयास किया गया। क्रू मेंबर्स ने तत्काल उसे रोक लिया। पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को दी। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा युवक से पूछताछ के बाद उसे फूलपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। 

दो बार किया गेट खोलने का प्रयास 
आरोपी युवक मोहम्मद अदनान मऊ जिले का रहने वाला है। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-185 बेंगलुरु से रात्रि 8 बजे उड़ी थी। बताया जा रहा है कि अदनान ने सफर शुरू होते ही एक बार दरवाजा खोलने का प्रयास किया था। क्रू मेंबर्स ने उसे समझा-बुझाकर बैठा दिया था। विमान के वाराणसी पहुंचने और लैंडिंग की सूचना मिलते ही अदनान एक बार फिर सीट से उठकर गेट के पास पहुंच गया। 

युवक ने क्यों किया ऐसा? 
क्रू मेंबर्स ने उसे पुन: रोककर बैठा दिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अदनान पहली बार हवाई सफर कर रहा था। शायद इसी वजह से वह थोड़ा घबराया हुआ था। इंडिगो प्रबंधन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसके ऊपर भूत प्रेत का साया है। उसने यह हरकत की नहीं बल्कि भूत द्वारा करवाई गई। आरोपी द्वारा इस तरह का नाटकीय ढंग से बहाना बनाए जाने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static