लखनऊ मेट्रो से पैसेंजर ने मांगा 4.90 लाख हर्जाना

punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2017 - 10:46 AM (IST)

लखनऊ/अलीगढ़: लखनऊ मेट्रो जो कि सीएम योगी द्वारा हरी झंडी दिखाने के बाद से ही विवादों में घिरी हुई है। वहीं हाल ही में एक शख्स ने इसपर मामला दर्ज करा दिया है। जिसके तहत 4.90 लाख के हर्जाने का उपभोक्ता फोरम में दावा ठोका गया है।

मेट्रो बंद होने की वजह से छूटी थी फ्लाइट
बता दें लखनऊ मेट्रो रेल कारपोरेशन (एलएमआरसी) के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में अलीगंज सेक्टर-पी निवासी गौरव त्रिपाठी ने मामला दर्ज कराया है। त्रिपाठी के मुताबिक 6 सितम्बर को मेट्रो ट्रेन खराब होने से गौरव की दिल्ली की फ्लाइट छूट गई थी। जिस पर वह कम्पनी की राष्ट्रीय स्तर की बैठक में शामिल नहीं हो पाए थे। अब उन्होंने प्रतिष्ठा धूमिल होने व मानसिक कष्ट के लिए एलएमआरसी पर 4.90 लाख के हर्जाने का उपभोक्ता फोरम में दावा ठोका है।

मांगा 4.90 लाख का हर्जाना
अलीगंज के रहने वाले गौरव त्रिपाठी ने बताया कि 6 सितंबर सुबह 6 बजे चारबाग से ट्रांसपोर्ट नगर के लिए मेट्रो का कार्ड खरीदा था। उनकी सुबह 8.30 बजे की फ्लाइट थी, लेकिन मेट्रो दुर्गापुरी व मवैया के बीच बने पुल पर खराब हो गई। यहां मेट्रो करीब 2 घंटे खड़ी रही। जिसके बाद 9 बजे के बाद ट्रेन से रेस्क्यू कर यात्रियों को निकाला गया।

उपभोक्ता फोरम में मामला दर्ज
गौरव की मानें तो जब वह एयरपोर्ट पर पहुंचे तो उनकी फ्लाइट जा चुकी थी। वापस आकर उन्होंने एलएमआरसी के एमडी कुमार केशव से बात करने का प्रयास किया, लेकिन वह कोई बात सुनने को तैयार नहीं हुए। इससे नाराज होकर उन्होंने उपभोक्ता फोरम का दरवाजा खटखटाया है।

उन्होंने उपभोक्ता फोरम में केस दायर करते हुए 4.90 लाख का हर्जाना मांगा है। उन्होंने तर्क दिया है कि वह रेम्बोल कम्पनी में सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर नेशनल हैं। 6 सितम्बर को 12 बजे दिल्ली में उनकी महत्वपूर्ण बैठक थी। लेकिन मेट्रो ट्रेन में 2 घंटे फंसने की वजह से उनकी फ्लाइट छूटी। एलएमआरसी की वजह से उनकी व उनकी कम्पनी की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंची है। साथ ही उन्हें भारी मानसिक कष्ट हुआ है। साथ ही आने जाने के हवाई जहाज के टिकट के 20 हजार का भी नुकसान हुआ।