भाजपा को हराने के लिए जनता फ़ील्ड में उतर चुकी है, अब अपमान से बचने का बहाना ढूंढ रही BJP: अखिलेश

punjabkesari.in Wednesday, Aug 14, 2024 - 01:06 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव से पहले बीजेपी पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब उपचुनावों में भी भाजपा को हराने के लिए जनता फ़ील्ड में उतर चुकी है तो भाजपा कुछ अधिकारियों को हटाने का कितना भी शासकीय-प्रशासकीय नाटक कर ले, कोई उनको पराजय से रोक नहीं सकता। देखना ये भी है कि इनकी जगह जो अफ़सर आएंगे, उनकी निष्पक्षता पर मोहर कौन लगाएगा।

अगर भाजपा जन-विरोधी नहीं होती तो आज ये दिन नहीं देखने पड़ते
अखिलेश ने कहा कि भाजपा उपचुनावों में अपनी 10/10 की हार के अपमान से बचने के बहाने ना ढूँढे। अगर भाजपा जन-विरोधी नहीं होती तो आज ये दिन नहीं देखने पड़ते। महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी, पुलिस भर्ती, नीट परीक्षा, महिला-सुरक्षा, संविधान और आरक्षण की रक्षा, नज़ूल भूमि जैसे मुद्दों से लड़ने के लिए भाजपा कब और किसे नियुक्त करेगी?उन्होंने कहा कि कुछ विशेष अधिकारियों को चुनावी ज़िम्मेदारी से हटाने की बात कहकर, भाजपाइयों ने ये बात स्वीकार कर ली है कि उनकी सरकार में शायद कुछ चुनावी घपले अधिकारियों के स्तर पर होते हैं। ये भाजपा की अपनी सरकार के साथ-ही-साथ चुनाव आयोग के ऊपर भी… चुनाव आयोग स्वत: संज्ञान ले।

भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है
वहीं  यादव ने मंगलवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए सत्तारूढ़ दल पर आरोप लगाया, “भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को नष्ट करना अपना अधिकार मानती है। वह निर्वाचन प्रक्रिया को भी प्रभावित करने का काम करती है। भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करना चाहती है। भाजपा की इन साजिशों के खिलाफ सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा की नीयत ठीक नहीं है।

लोकसभा चुनावों में सपा ने भाजपा को हराया है
उन्होंने कहा कि इसी साल हुए लोकसभा चुनावों में सपा ने भाजपा को हराया है और अब आगामी उपचुनाव तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में भी उनकी पार्टी भाजपा का सफाया करने को तैयार है। इसी साल जून में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में सपा ने भाजपा को झटका देते हुए उत्तर प्रदेश की 80 में से 37 सीटें जीती थी, जबकि उसकी सहयोगी कांग्रेस को छह सीटों पर कामयाबी मिली थी। यादव ने कहा कि जनता के संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ भाजपा के “षड्यंत्र को विफल” करने के लिए सपा द्वारा मतदाताओं को जागरूक बनाने का अभियान भी चलाया जा रहा है।

मतदाता सूची में भाजपा कर सकती है गड़बड़ी 
 उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “वे मतदाता सूची को ठीक कराने का काम प्राथमिकता से करवायें ताकि भाजपा किसी भी साजिश या षडयंत्र में सफल न हो सके। जनता और सभी मतदाता इस बात का ख्याल रखें कि भाजपा मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी कर चुनाव जीतने की नापाक कोशिश में कामयाब न होने पाये।” यादव ने कहा कि कोई भी संगठन सच्चाई और निष्ठा से चलता है और सपा के नेताओं को जनता से निकट सम्पर्क रखते हुए उनके साथ सम्मान से पेश आना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static